देश में कोरोना ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है. चिंता इसलिए भी क्योंकि इस बार बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी संक्रमित हो रहे हैं. दिल्ली-NCR के कई स्कूलों में अब तक कई बच्चे कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं. तीसरी लहर थमने के बाद लगभग दो साल बाद स्कूल पूरी तरह से खुलने शुरू ही हुए थे कि बच्चों के संक्रमित होने के कारण एक बार फिर से इनके बंद होने के आसार नजर आने लगे हैं. हालांकि, एक्सपर्ट का मानना है कि अब स्कूल बंद करना कोई हल नहीं है.
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 24 घंटे में कोरोना के 1,247 नए मामले सामने आए हैं. एक मरीज की मौत भी हुई है. सबसे ज्यादा 501 मामले अकेले दिल्ली में सामने आए हैं. राजधानी दिल्ली में कोरोना से हालात लगातार बिगड़ रहे हैं. यहां सोमवार को संक्रमण दर 7 फीसदी के पार पहुंच गई. विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक, 5 फीसदी से ऊपर की संक्रमण दर 'चिंताजनक' होती है.
कोरोना की अब जो नई लहर तेज हो रही है, उसमें सैकड़ों बच्चे भी संक्रमित हो रहे हैं. दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के कई स्कूलों में बच्चे कोरोना संक्रमित मिले हैं. पिछले 24 घंटे में दिल्ली से सटे नोएडा में ही 33 बच्चे कोरोना संक्रमित मिले हैं. हालांकि, बच्चों के संक्रमित होने पर एक्सपर्ट का कहना है कि चिंता की कोई बात नहीं है, क्योंकि जो बच्चे संक्रमित हो रहे हैं, उनमें बहुत हल्के लक्षण हैं और वो जल्दी ठीक भी हो जा रहे हैं.
