कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) और रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के बाद केएल राहुल (KL Rahul) ही वो नाम है, जो मुश्किल में फंसे मैच में उम्मीद जगा देते हैं. फिर चाहे विकेटकीपिंग से हो या फिर बल्लेबाजी से. केएल राहुल ने फैंस के दिलों में जगह बना ली है. इस समय चल रहे आईपीएल में पंजाब किंग्स (Punjab Kings) की अगुआई कर रहे राहुल आज यानी 18 अप्रैल को 29 साल के हो गए हैं और यह भी काफी दिलचस्प है कि वो अपने जन्मदिन वाले दिन दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे.
1992 में जन्में केएल राहुल का पूरा नाम कन्नौर लोकेश राहुल (Lokesh Rahul) है. उनके पिता डॉक्टर लाकेश इंजीनियर और मां राजेश्वरी प्रोफेसर हैं. आज केएल राहुल ने पूरी दुनिया में अपने नाम की धाक जमा दी है. मगर आपको यह जानकर हैरानी होगी कि पिता की गलती के कारण उनका नाम राहुल पड़ गया. दरअसल उनके पिता पिता सुनील गावस्कर के प्रशंसक थे. उन्होंने सोच रखा था कि बेटे का नाम गावस्कर के बेटे रोहन के नाम पर रखेंगे.
नाम भूल गए पिता
केएल राहुल के नामकरण का किस्सा काफी दिलचस्प है. दरअसल जब केएल लोकेश अपने बेटे का नामकरण कर रहे थे, तब रोहन नाम भूल गए. उन्हें लगा कि गावस्कर के बेटे का नाम राहुल है और यही नाम उन्होंने अपने बेटे को दे दिया.
बनना था इंजीनियर, बन गए क्रिकेटर
राहुल के पिता उन्हें इंजीनियर बनाना चाहते थे. वे पढ़ाई में अच्छे थे, लेकिन खेल से ज्यादा ही जुड़ाव था. 11 साल की उम्र में उन्होंने क्रिकेट को गंभीरता से लेना शुरू कर दिया. खेल को आगे बढ़ाने में उनके परिवार ने हमेशा सपोर्ट किया. साल 2010 में कर्नाटक की ओर से फर्स्ट क्लास क्रिकेट करियर की शुरुआत की.
