Apr 13, 2022

Weather in India: देश के कई राज्यों में खत्म हुआ लू का प्रकोप, गर्मी से मिलेगी राहत, तापमान में आएगी...


लगातार भीषण गर्मी की मार झेल रहे उत्तर भारत के राज्यों में बुधवार से हल्की राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक बादल छाए रहने का संभावना जताई है। आज झारखंड के डाल्टनगंज में सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया। यहां का तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिल्ली-एनसीआर बादल छाए, सूरज की तपिश से मिली राहत

मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन अधिक 39.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो अधिक 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह से दोपहर तक सूरज के तेवर कड़े रहे। हालांकि, दोपहर बाद दिल्ली-एनसीआर के आसमान में बादल छाए रहे और लोगों ने सूरज की तपिश से राहत महसूस की। हालांकि, हवा में नमी का स्तर अधिक होने की वजह से पसीने वाली गर्मी से राहत नहीं मिल सकी। बीते 24 घंटे में हवा में नमी का स्तर 20 से 65 फीसदी रहा।

छाए रहेंगे बादल, मिलेगी राहत 

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में बादल छाए रहने से पारे में कमी आ सकती है। अधिकतम तापमान 39 व न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके अगले दिन भी राहत जारी रहेगी व तापमान 40 से नीचे बना रहेगा। हालांकि, तीन दिन बाद पारे में बढ़ोतरी होगी और यह रविवार तक 42 डिग्री सेल्यिसस तक पहुंच सकता है। ऐसे में संभावना है कि आगामी दिनों में मौसम विभाग की ओर से अलर्ट भी जारी किया जा सकता है। 

गौरतलब है कि 11 अप्रैल तक कुल पांच दिन लू के दर्ज किए गए हैं। इससे पहले 2017 में लू वाले छह दिनों का रिकॉर्ड है। ऐसे में संभावना है कि इस बार पड़ रही भीषण गर्मी दिल्ली-एनसीआर में पारे के साथ-साथ लू चलने के दिनों का भी रिकॉर्ड तोड़ सकती है।

नजफगढ़ रहा सबसे गर्म इलाका 

सूरज के तेवर नरम पड़ने के बाद भी दिल्ली के कई इलाकों में पारा 40 के पार रिकॉर्ड किया गया है। नजफगढ़ 40.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म इलाका रहा है। इसके बाद पीतमपुरा 40.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। आयानगर में 40.2, रिज में 40.2, नोएडा में 39.8 व गुरुग्राम में 40.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

गुरुग्राम की हवा रही सबसे साफ

मौसम में हुए बदलाव की बीच मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर में गुरुग्राम की हवा  सबसे साफ रही है। यहां का एक्यूआइ 170 रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा सभी शहरों की हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई। अगले 24 घंटे में भी अधिक बदलाव की संभावना नहीं है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, दिल्ली का एक्यूआइ 229, फरीदाबाद 262, गाजियाबाद 297, ग्रेटर नोएडा 255, गुरुग्राम 170 व नोएडा 263 रहा। वायु मानक संस्था सफर के मुताबिक, बीते 24 घंटे में हवा में पीएम 10 का स्तर 231 व पीएम 2.5 का स्तर 88 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर रिकॉर्ड किया गया है।